Translate

Monday, July 29, 2019

किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न

सिचाई विभाग की लापरवाही झेल रहे किसान

महराजगंज,रायबरेली।। क्षेत्र के मऊ गांव में सिंचाई विभाग की लापरवाही से रविवार की रात माइनर कट जाने से किसानों की सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न हो गई। इससे नाराज किसानों ने तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। गांव के किसानों का आरोप है कि, माइनर की सफाई कराए बिना ही पानी छोड़ा गया है। जिससे किसानों की फसल डूबी है। इसलिए फसल डूबने से किसानों की जो क्षति हुई है उसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन व संबंधित अधिकारियों की है। आपको बता दें कि, महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के मऊ गांव में चन्दापुर नहर से निकलने वाली एक माइनर की पटरी रविवार की देर रात कट जाने से लगभग 100 बीघे किसान की फसल जलमग्न हो गई है। किसान की जलमग्न फसल से पानी निकलने का कोई जरिया भी नहीं है। जानकारी के मुताबिक माइनर में अचानक पानी अधिक आ जाने से ओवरफ्लो हो गई, जिससे पटरी कट गई और महराजगंज इन्हौना रोड पर स्थित जनता विद्यालय के ठीक सामने किसानों की लगभग 100 बीधे फसल जलमग्न हो गई। किसानों को इसकी जानकारी तब हुई जब वे नित्य शौच के लिए सुबह अपने खेतों पर गए तो उनके खेत लबालब पानी से भरे हुए थे। किसानों ने पानी को रोकने के लिए काफी प्रयास किए लेकिन, बहाव तेज होने की वजह से उनके प्रयास विफल हो गए। मामले में तहसीलदार विनोद कुमार सिंह का कहना है कि, जानकारी मिली है मौके पर हल्का लेखपाल व कानूनगो को भेजा गया है किसानों की पानी में डूबी फसल का आकलन कर शासन से मिलने वाली हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और लापरवाह संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


जावेद आरिफ ब्यूरो चीफ रायबरेली
अक्रॉस टाइम्स हिंदी समाचार पत्र

No comments: