हरदोई। थाना संडीला क्षेत्र के ग्राम समदखेड़ा में एक युवती की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतका का पिता, दो चाचा और एक चाची शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम समदखेड़ा निवासी मिथिलेशा पत्नी रामदयाल ने थाना संडीला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री शुभी 3/4 जून की रात घर से बिना बताए कहीं चली गई थी और कुछ घंटे बाद वापस लौट आई थी। इसी बात से नाराज होकर उसके पिता रामदयाल, चाचा मुनेश, सुरेश तथा चाची माधुरी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हत्या के बाद घटना को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपियों ने युवती के शरीर पर कपड़ा सिलने वाली सुई से सांप के काटने जैसे निशान बनाए तथा गले पर फंदे के निशान बनाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, पुलिस को सूचना दिए बिना शव का गांव के एक बाग में अंतिम संस्कार कर साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश की गई। मामले की जानकारी मिलने पर थाना संडीला पुलिस ने मुकदमा संख्या 212/2026 धारा 103, 351, 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए गए तथा सघन विवेचना के बाद नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रामदयाल, मुनेश, सुरेश पुत्रगण स्वर्गीय भईयालाल तथा माधुरी पत्नी मुनेश, सभी निवासी ग्राम समदखेड़ा, थाना संडीला, जनपद हरदोई शामिल हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र पंकज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक युवती की कथित रूप से पारिवारिक नाराजगी के चलते हत्या और फिर साक्ष्य मिटाने के प्रयास ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
No comments:
Post a Comment