Translate

Tuesday, November 7, 2017

कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी अपने दल-बल के साथ नामांकन करने पहुंचे

आगरा। कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी विनोद बंसल सोमवार को नगर निगम में अपने दल-बल के साथ नामांकन करने पहुंचे। नामांकन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उनके साथ मौजूद रहे। नामांकन से पहले वरिष्ठ कांग्रेसी और कांग्रेस मेयर प्रत्याशी विनोद बंसल मदिया कटरा स्थित महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर पहुंचे, जहां पर मेयर प्रत्याशी ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और वहीं से जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए जिसमे महिलाओं ने भी बढ़ चढ़कर शिरकत की।विनोद बंसल अपने समर्थकों के साथ पैदल मार्च करते हुए नगर निगम तक पहुंचे। सुरक्षा की दृष्टि से तैनात पुलिस बल ने कांग्रेस समर्थकों को रोक दिया और विनोद बंसल के साथ उनके प्रस्तावकों को ही अंदर जाने दिया। अपने प्रस्तावकों के साथ विनोद बंसल ने मेयर प्रत्याशी के लिए नामांकन किया। नामांकन के दौरान विनोद बंसल और वरिष्ठ कांग्रेसी मून ब्रेकिंग से रूबरू हुए। इस वार्ता के दौरान मेयर प्रत्याशी विनोद बंसल का कहना था कि भाजपा का निगम पर 25 सालों से कब्जा है लेकिन शहर की सूरत और सीरत दोनों ही नहीं बदल पाए। विदेशी पर्यटक भारी तादाद में आगरा आता है लेकिन आज भी उसे गंदगी से दो चार होना पड़ता है। अगर शहरवासियों का प्यार मिला तो शहर की सूरत और सीरत दोनों बदल कर दिखाएंगे।इसके साथ ही वरिष्ठ कांग्रेसी राम टंडन का कहना था कि विनोद बंसल स्वच्छ छवि के हैं। सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक क्षेत्र में उनका उनकी अलग ही पहचान है। अगर विनोद बंसल विजय होते हैं तो सबसे बड़ी और सबसे पहली प्राथमिकता पेयजल और शहर को साफ सुथरा रखने की होगी। वहीं शहर व जिला अध्यक्ष का कहना था कि भाजपा के झूठे वादों से जनता ऊब चुकी है। जीएसटी और नोटबंदी से परेशान है जिसका जवाब देने के लिए अब जनता उठ खड़ी हुई है और उसके जवाब की शुरुआत नगर निकाय चुनाव से होगी। वरिष्ठ कांग्रेसी राजू लवानिया का कहना था कि इस बार कांग्रेस का जनाधार बढ़ा है जिसके कारण विभिन्न राजनीतिक दलों से लोग कांग्रेस में शामिल हुए हैं। वहीं उमाशंकर उपाध्याय का कहना था कि इस बार जनता सोच समझकर वोट देगी और और उनकी प्राथमिकता भी अब कांग्रेस की ओर दिखाई दे रही है।

सवांददाता सोनू सिंह
अक्रॉस टाइम्स हिन्दी समाचार पत्र
तहसील एत्मादपुर (आगरा)

No comments: