Translate

Thursday, December 28, 2017

रोजगार और पुलिस भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग को लेकर सैकडों छात्रों ने हाईवे किया जाम

शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। रोजगार और पुलिस भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग को लेकर सैकडों की संख्या में छात्रों ने हाईवे नंबर दो पर प्रतापपुर चौराहे पर जाम लगा दिया। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के पुतले बनाए और पुलिस मौजूदगी में उन्हें आग के हवाले कर दिया। एक पुतले को पुलिस ने छात्रों से छीन लिया, लेकिन दूसरा बना कर जला दिया। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तो आक्रोशित छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया। जिसमें एक दर्जन से अधिक वाहन छतिग्रस्त हो गये और कई यात्री घायल हो गये। यात्रियों में दहशत व्याप्त हो गई। एक घंटे तक हाईवे पर दहशत दौड़ती रही। छात्रों ने सुभाष तिराहे से लेकर मैनपुरी चैराहे तक जमकर उपद्रव किया। इसी दौरान पत्थर लगने से एसएसआई चुटैल हो गये। पुलिस ने कई छात्रों को हिरासत में ले लिया है। बतातें चले कि गुरुवार सुबह 10 बजे के करीब सैकड़ों की संख्या में छात्र नारायण डिग्री कॉलेज के ग्राउंड के सामने हाइवे रोड पर एकत्रित हो गये। छात्र हाथ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्य नाथ योगी के पुतले लेकर नारेबाजी करने लगे। हाईवे जाम की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार मय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान छात्रों ने मुख्यमंत्री के प्रतीकात्मक पुतले को आग के हवाले कर दिया। प्रधानमंत्री के पुतले को आग लगाने का प्रयास किया तो सीओ और प्रभारी निरीक्षक ने पुतले को छात्रों के हाथ से छीन लिया। जाम खुलवाने का प्रयास किया तो छात्र आक्रोशित हो गए और पुलिस और वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव होते ही पुलिस ने छात्रों को खदेड़ना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस और छात्रों में शह मात का खेल शुरू हो गया। छात्रों ने पुलिस को सुभाष तिराहे से लेकर मैनपुरी चैराहे तक खूब दौड़ाया। इस दौरान कई रोडवेज बसों पर पथराव कर चकनाचूर कर दिया। जिसमें कई यात्रियों को चोटें भी आईं। भयभीत यात्री बसों से उतर कर जान बचाने को मजबूर हो गये। हाईवे पर करीब एक घंटे तक दहशत का माहौल रहा।एसडीएम अंबरीश कुमार बिंद और सीओ संजय रेड्डी ने उपद्रवियों के धरपकड़ अभियान चलाया। इसमें पुलिस ने लगभग दो दर्जन छात्रों को हिरासत में ले लिया। एसपी ग्रामीण महेंद्र सिंह ने मौके का निरीक्षण किया और उपद्रवियों को चिंहित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

No comments: