Translate

Saturday, September 29, 2018

मात्र 10 रुपये में आगरा के 5 चौराहों पर मिलेगा स्वच्छ भोजन

आगरा।। सक्षम डावर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा सेवा भारती के सहयोग से शहर में प्रमुख चौराहों पर दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। यह पहल अंत्योदय अन्नपूर्णा योजना के तहत की जा रही है। योजना का मिशन भूख मुक्त भारत बनाना है। ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी व फुटवियर निर्यातक पूरन डावर ने बताया कि योजना 17 अक्टूबर से शहर में शुरू कर दी जाएगी। इसके तहत शुरुआत में शहर के पांच प्रमुख चौराहों पर मोबाइल वैनों द्वारा भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इन चौराहों में बोदला सब्जी मंडी, सेवला, रामबाग, भगवान टाकीज व जिला अस्पताल शामिल हैं। यह भोजन ताजा तैयार किया होगा और इसमें स्वच्छता व पौष्टिकता की भी ध्यान रखा जाएगा।उन्होंने कहा कि योजना संचालित करने के लिये केंद्रीय रसोई अरतौनी स्थित त्रिवेणी फार्म पर बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि 119 देशों में भुखमरी के हालात हैं इनमें भारत सौवें स्थान पर है। पिछले नौ वर्षों में भारत में इस दिशा में काफी कम सुधार देखा गया है। यही कारण है कि ट्रस्ट और सेवा भारती ने भूखों को बेहद सस्ता भोजन उपलब्ध कराने का बीड़ा उठाया है।उन्होंने कहा कि सेवा का संचालन सेवा भारती संस्था द्वारा किया जाएगा। शहरवासी भी इस योजना में अपना योगदान दे सकते हैं। किचन में कुक, सहायक कुक व अन्य सेवाओं के रूप में सेवा दी जा सकती है। वैन सेवा के रूप में चालक, वितरण, भोजन परोसने और क्षेत्र सहायता के रूप में लोग सेवाएं दे सकते हैं। डावर ने बताया कि उनकी योजना एक साल के भीतर शहर के बारह चौराहों पर सस्ता भोजन उपलब्ध कराने की है। योजना का अन्य शहरों तक विस्तार करने का भी प्रयास किया जाएगा।

सोनू सिंह ब्यूरो चीफ आगरा
अक्रॉस टाइम्स हिंदी समाचार पत्र

No comments: