Translate

Wednesday, October 21, 2026

मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और छात्राओं को किया जागरूक

संवाददाता, अक्रॉस टाइम्स
शाहजहाँपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-0.6 अभियान के अंतर्गत बुधवार को जनपद के सभी थानों की एण्टी रोमियो टीमों ने जागरूकता और चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में टीमों ने मंदिरों, विद्यालयों के आसपास, बैंकों, एटीएम और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखी। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कर उन्हें छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ आवाज उठाने और तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन पुलिस सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 शामिल हैं। शाहजहाँपुर पुलिस ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से चेकिंग एवं जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा।

No comments: