भूमि विवाद, पारिवारिक कलह और पुलिस कार्रवाई में देरी से जुड़ी शिकायतें आईं सामने, एसएसपी ने कहा- पीड़ितों को कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें
हारून एम एच रजा़ वाहिदी, अक्रॉस टाइम्स
लखीमपुर खीरी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग आईपीएस द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जनपद के दूर-दराज क्षेत्रों से आए दर्जनों फरियादियों ने अपनी-अपनी समस्याएं एसएसपी के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। इस दौरान प्राप्त अधिकांश प्रार्थना पत्र जमीनी विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, दहेज उत्पीड़न और स्थानीय पुलिस द्वारा शिकायतों पर कार्रवाई न किए जाने से संबंधित थे। एसएसपी ने सभी प्रार्थना पत्रों का स्वयं अवलोकन कर संबंधित क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों को फोन पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। डॉ. ख्याति गर्ग ने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि जनसुनवाई और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त होने वाली हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ने चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि खीरी पुलिस ने आईजीआरएस रैंकिंग में शिकायतों के निस्तारण में शत-प्रतिशत सफलता हासिल कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है और इस रैंकिंग को बरकरार रखना है। इसलिए 93 प्रतिशत से अधिक शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि स्तर को और बढ़ाना है।जनसुनवाई के दौरान कुछ मामलों में एसएसपी ने दोनों पक्षों को कार्यालय में ही बुलाकर आपसी सुलह-समझौते के आधार पर विवाद को समाप्त कराने का भी प्रयास किया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक सहित कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
No comments:
Post a Comment