Translate

Monday, February 12, 2018

जंगल-जल-जमीन को बचाने का संकल्प लेकर बटेश्वर से चली यात्रा आगरा पहुंची

आगरा। यमुना नदी के साथ साथ जंगल-जल-जमीन को बचाने का संकल्प लेकर संत बंधन दास गिरी महाराज के नेतृत्व में बटेश्वर से चली यात्रा अपने अगले पड़ाव आगरा पहुंच गयी है। सर्व धर्म के लोगों के साथ राजनैतिक दलों के प्रतिनिधी जिनमें उपेन्द्र सिंह और श्याम भोजवानी शामिल थे, ने कहरई मोड़ स्थित राजेश्वर मंदिर पर इस यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। यात्रा का नेतृत्व कर रहे संत बंधन दास महाराज का कहना था कि 1 फरवरी से शुरू जन जागरण अभियान दिव्य ब्रज चौरासी पदयात्रा-2018 बटेश्वर धाम से श्रीधाम वृंदावन 7 मार्च को पहुंचेंगी। जिसका मकसद है यमुना को प्रदूषण मुक्त बनाना। उन्होंने बताया कि यमुना की अविरल धारा को रोककर शहरों के प्रदूषित पानी को यमुना में छोड़ा जा रहा है जिससे जीवनदायिनी यमुना पूरी तरह प्रदूषित हो गई है। इसका जल अब आचमन लायक भी नहीं बचा है। उन्होंने पतित पावनी यमुना को पुनःउसके पौराणिक स्वरूप में लाने का भी संकल्प लिया है। यात्रा में साथ चल रही साध्वी कुसुम शर्मा ने बताया कि सभी को यात्रा के दौरान इस बात का संकल्प दिलाया जा रहा है कि यमुना में कोई भी गंदगी प्रभाहित ना करें। अगर हम अभी नहीं रुके तो हमारी आने वाली पीढ़ियां इस पवित्र नदी का दर्शन ही ना कर पायेगी। ग्रामीणों ने यात्रा में आए साधु संतों का स्वागत भी किया और उनके संदेशो को जीवन में उतारने की बात कही। इस यात्रा में यमुना रक्षा, गौरक्षा, स्वच्छ भारत, हरिनाम भक्ति, पर्यावरण की रक्षा, सनातन संस्कृति की रक्षा, सामाजिक बुराइयों को दूर करना, दहेज, भ्रूण हत्या पर रोक, नशा मुक्त समाज की स्थापना, गरीब लोगों के लिए निशुल्क शिक्षा, गरीब कन्याओं का विवाह प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा के स्लोगन लेकर 500 से अधिक साधु-संत चल रहे है।

सोनू सिंह जिला संवाददाता आगरा
अक्रॉस टाइम्स हिंदी समाचार पत्र

No comments: