Translate

Monday, August 30, 2021

आगरा में आतंक मचाने वाले कुख्‍यात बदमाश मुकेश ठाकुर को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में ढेर कर दिया

आगरा। वारदातों के जरिए आगरा में आतंक मचाने वाले कुख्‍यात बदमाश मुकेश ठाकुर को आगरा पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। इरादत नगर में केनरा बैंक में डकैती डालने के बाद राजस्थान के बसेड़ी निवासी मुकेश ठाकुर फरार चल था। 50 हजार के इनामी कुख्यात को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार तड़के रायफल बरामदगी को ले जाते समय बदमाश ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश ढेर हो गया। कुख्यात मुकेश ठाकुर ने 16 फरवरी को इरादत नगर में केनरा बैंक में दिनदहाड़े फायरिंग कर 6.77 लाख रुपये की डकैती डाली थी। उसके गैंग के कुछ बदमाशों को गिरफ्तार कर पुलिस ने पर्दाफाश किया था। कुछ साथी राजस्थान पुलिस ने गिरफ्तार कर लिए। मगर, मुकेश ठाकुर हाथ नहीं आया था। ऐसे में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आइजी नवीन अरोरा ने बताया कि मुकेश ठाकुर को देर रात पुलिस ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद एसओजी, सर्विलांस, और क्राइम ब्रांच की टीम उससे रायफल बरामदगी को साथ ले जा रही थी। तभी सदर क्षेत्र में बीएसएनएल ग्राउंड के पास बदमाश ने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग करने के बाद वह भागने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके उस पर जवाबी फायरिंग की। इसमें उसके गोली लग गई। बदमाश को घायल अवस्था में एसएन इमरजेंसी ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मुठभेड़ के दौरान एक सब इंस्पेक्टर और एक सिपाही भी चोटिल हो गए। उन्हें भी उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

बीहड़ में कराई गई थी कॉम्बिंग

जगनेर क्षेत्र में ठाकुर फिलिंग स्‍टेशन पर भी मुकेश ठाकुर गैंग ने लूट की थी। इस दौरान पेट्रोल पंप कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई थीं। इस लूट के बाद ही मुकेश ठाकुर का नाम सुर्खियों में आया था। इस दौरान पुलिस ने बीहड़ में कॉम्बिंग कराई थी लेकिन मुकेश ठाकुर बीहड़ के रास्‍ते मध्‍यप्रदेश की ओर निकल गया था।

रिपोर्ट : सोनू सिंह
अक्रॉस टाइम्स हिंदी समाचार पत्र

No comments: