Translate

Sunday, June 7, 2026

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने किया आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण, गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर दिया आशीर्वाद


पुनीत कुमार दीक्षित 
शाहजहांपुर। विकास खंड भावलखेड़ा के ग्राम ताहवरगंज में रविवार को नव निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने फीता काटकर किया। इस दौरान आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में उन्होंने गर्भवती महिलाओं को आशीर्वाद देते हुए स्वस्थ एवं सुखद मातृत्व जीवन की शुभकामनाएं दीं। लोकार्पण के बाद मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा प्रारंभिक शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के सर्वांगीण विकास और महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।  कार्यक्रम के उपरांत वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने प्राथमिक विद्यालय परिसर में हरिशंकरी का पौधरोपण किया तथा उपस्थित लोगों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण भावी पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है, इसलिए सभी को पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।कार्यक्रम में ग्राम प्रधान पति रूपराम वर्मा ने मंत्री का पटका पहनाकर स्वागत किया, जबकि पूर्व जिला पंचायत प्रत्याशी रोहित गुप्ता ने देव प्रतिमा भेंट कर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजाराम वर्मा, खंड विकास अधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, एडीओ पंचायत, एडीओ एसबी, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जनकल्याण, मातृ स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ।

बल्लिया में विद्युत चोरी रोकने को चला अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वाले उपभोक्ताओं पर होगी कार्रवाई

आदित्य भारद्वाज, अक्रॉस टाइम्स
बरेली। विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से कस्बा बल्लिया में विद्युत उपखंड आंवला की ओर से विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान उच्च अधिकारियों की विजिलेंस टीम की निगरानी में तथा अवर अभियंता (जेई) शैलेश कुमार के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर विद्युत कनेक्शनों की जांच की गई। जेई शैलेश कुमार ने बताया कि विद्युत विभाग कटिया डालकर अथवा अन्य अवैध तरीकों से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान फिलहाल कटिया डालकर बिजली चोरी का कोई मामला सामने नहीं आया, लेकिन कुछ उपभोक्ता घरेलू कनेक्शन का उपयोग अपनी निजी दुकानों में करते पाए गए हैं, जो नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने बताया कि ऐसे उपभोक्ताओं के विरुद्ध विभागीय नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उपभोक्ताओं से अपील की गई कि वे विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करें और निर्धारित श्रेणी के अनुसार ही विद्युत कनेक्शन का उपयोग करें, ताकि किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके। जेई शैलेश कुमार ने कहा कि विद्युत चोरी रोकने के लिए इस प्रकार के अभियान समय-समय पर गांवों और कस्बों में लगातार चलाए जाते रहेंगे, जिससे राजस्व हानि को रोका जा सके और विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जा सके।

घर की चक्की बनी काल, मशीन की चपेट में आने से किशोर की मौत

आदित्य भारद्वाज, अक्रॉस टाइम्स 
बरेली। भमोरा थाना क्षेत्र के देवचरा गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की जान चली गई। घर पर संचालित मसाला चक्की पर काम करते समय वह मशीन के चलित हिस्से की चपेट में आ गया, जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देवचरा निवासी रामकुमार मौर्य का परिवार घर पर मसाला चक्की और सेलर का संचालन कर जीविकोपार्जन करता है। शनिवार सुबह बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद चक्की पर कामकाज शुरू किया गया। इसी दौरान रामकुमार का पुत्र आशीष उर्फ आधार (15 वर्ष), जो कक्षा आठ का छात्र था, मशीन के एक हिस्से को बदलने का कार्य कर रहा था। तभी अचानक उसका हाथ मशीन में फंस गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में उसे बरेली के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
किशोर की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। मां विमला देवी, भाई प्रशांत और बहन किरन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है और परिजन व ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।

पुलिस टीम द्वारा 01 अभियुक्त को 01 अदद देसी तमंचा व 02 अदद जिन्दा कारतूस के साथ किया गिरफ्तार

राजीव कुमार कुशवाहा,अक्रॉस टाइम्स 
जैतीपुर,शाहजहांपुर । पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) महोदया के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी तिलहर के निकट पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक  के कुशल नेतृत्व में पुलिस टीम को बडी सफलता प्राप्त हुई । दिनांक 06/07.06.2026 की रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि ग्राम बंडिया खुर्द के रास्ते पर एक व्यक्ति पैदल जा रहा है जिसके पास अवैध शस्त्र है । प्राप्त सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा कार्यवाही करते हुए उस व्यक्ति को ग्राम बंडिया खुर्द से करीब 300 मीटर पहले, रास्ते पर पकड लिया तथा नाम पता पूछते हुए जामा तलाशी ली गयी तो व्यक्ति ने अपना नाम धर्मेन्द्र पुत्र सुम्मेर नि0ग्रा0 बंडिया खुर्द थाना जैतीपुर जनपद शाहजहाँपुर बताया जिसकी जामा तलाशी से 01 अदद तमंचा 315 बोर तथा 02 अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुए | बरामदगी के आधार पर अभियुक्त धर्मेन्द्र उपरोक्त को समय 00.42 बजे हिरासत पुलिस में लिया गया तथा मु0अ0सं0 - 69/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लायी जा रही है।गिरफ्तार करने पुलिस टीम में उ0नि0 इतेश तोमर,का0 शिव डागर , का0 सुनील मलिक और रि0आ0 बिलाल ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने अवैध तमंचा व कारतूस के साथ अभियुक्त को किया गिरफ्तार

राजीव कुमार कुशवाहा,अक्रॉस टाइम्स 
शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित  के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में तथा प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली के कुशल नेतृत्व में चलाये जा रहे अभियुक्तों के सत्यापन व अवैध हथियार के दुरूपयोग व बिक्री को रोकने हेतु सघन अभियान के क्रम मे थाना कोतवाली पुलिस टीम को बडी सफलता प्राप्त हुई । दिनांक 06/07.06.2026 की रात्रि गश्त के दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि बरेली सीतापुर हाईवे से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक व्यक्ति खडा है जिसके पास अवैध तमंचा व कारतूस है । प्राप्त सूचना पर उक्त व्यक्ति को बरेली सीतापुर हाईवे से करीब 200 मीटर की दूरी पर पकड़ लिया तथा नाम पता पूछते हुए जामा तलाशी ली गयी तो व्यक्ति ने अपना नाम रजत सोनी पुत्र राजेन्द्र सोनी नि0मो0 आनन्दपुरम कॉलोनी थाना कोतवाली जनपद शाहजहाँपुर बताया जिसकी जामा तलाशी से एक अदद देशी तमंचा 315  बोर तथा 01 अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर बरामद हुआ | बरामदगी के आधार पर अभियुक्त रजत सोनी उपरोक्त को समय 01.58 बजे हिरासत पुलिस में लिया गया तथा मु0अ0सं0 - 177/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लायी जा रही है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0 भूपेन्द्र राणा,का0 रोहित कुमार और रि0का0 श्रीकांत यादव मौजूद रहे।

यातायात पुलिस ने अभियान चला कर 1013 वाहनों के किए चालान

राजीव कुमार कुशवाहा,अक्रॉस टाइम्स 
शाहजहांपुर। यातायात निदेशालय द्वारा सड़क दुर्घटनाओं एवं उनमें मृतकों की संख्या को न्यून किये जाने के उद्देश्य की प्राप्ति के क्रम में दिनांक 06.06.2026 को पुलिस अधीक्षक  सौरभ दीक्षित के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दिक्षा भवरे द्वारा क्षेत्राधिकारी पुवायां प्रवीण मलिक , थाना प्रभारी खुटार व अन्य पुलिस बल के साथ थाना खुटार क्षेत्रान्तर्गत व अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार के निकट पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी यातायात  शुभम वर्मा द्वारा प्रभारी निरीक्षक यातायात बच्चू सिंह व सम्बन्धित थानों की सीसी टीम व अन्य पुलिस बल के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से नशे की हालत में वाहन चलाये जाने की पृवत्ति पर अंकुश लगाये जाने के उद्देश्य से सप्ताहांत (Weekends) दिनांकः 06.06.2026 (शनिवार) को समय 20.00 बजे से 23.00 बजे तक जनपद शाहजहांपुर स्थित थाना मदनापुर, थाना सिंधौली, थाना खुटार व थाना पुवायां में स्थित टोल प्लाजा पर (वाहनों की गति टोल प्लाजा पर धीमी होने के दृष्टिगत) व अन्य जगहों पर ड्रकंन ड्राइविंग अभियान चलाकर सघन वाहन की चेकिंग की गयी । अभियान के दौरान वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं एवं उनके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया एवं चेकिंग के दौरान परिवार के साथ यात्रा करने वाले व्यक्तियों से टोल प्लाज पर उनसे हाल-चाल व  समस्याओं के बारे में पूछा गया । साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट का प्रयोग करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन हेतु प्रेरित किया गया । चेकिंग के दौरान नशे की हालत में वाहन चलाते पाये गये वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में चारपहिया/दुपहिया वाहनों के 20 चालान ड्रंकन ड्राईविंग, 68 चालान म़ॉडिफाइड साइलेंसर, 13 चालान प्रेशर हॉर्न व हूटर , 166 चालान तेज गति से चलने वाले वाहनों व 240 चालान बिना हेलमेट सहित कुल 1013 चालान एमवी एक्ट के तहत किये गये तथा 03 वाहन एमवी एक्ट के तहत सीज किये गये । उक्त के अतिरिक्त यातायात पुलिस शाहजहांपुर द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया तथा प्रवर्तन कार्यवाही के अंतर्गत विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्यवाही की गयी।

पति को कार ने कुचला, तीन महीने बाद भी न्याय नहीं पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

लखीमपुर मोहम्मदी खीरी थाना क्षेत्र का मामला, केस 0154/2026 की जांच पर उठे सवाल, विवेचक पर मिलीभगत का आरोप
हारून एम एच रज़ा वाहिदी अक्रॉस टाइम्स
मोहम्मदी-खीरी। कस्बे में 16 मार्च को हुई एक सड़क दुर्घटना ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी, और तीन महीने बाद भी पीड़ित परिवार न्याय की राह देख रहा है। मृतक अमरनाथ गुप्ता की पत्नी पूर्ति गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी को दिए शिकायती पत्र में दर्शाया है कि तेज रफ्तार कार UP27BH6996 ने उनके पति को टक्कर मारी थी, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई, लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार थाना मोहम्मदी में इस घटना को लेकर मुकदमा संख्या 0154/2026 दर्ज है। पूर्ति गुप्ता का कहना है कि उन्होंने उसी दिन तहरीर दी थी।
आवेदन में लगाए गए आरोप
तहसील संपूर्ण समाधान दिवस पर सौंपे गए आवेदन में पूर्ति गुप्ता ने लिखा है:
• घटना के प्रत्यक्षदर्शी गवाह मौजूद हैं, लेकिन उनके बयान अब तक दर्ज नहीं किए गए • आरोपी कार UP27BH6996 को अब तक कब्जे में नहीं लिया गया है • वर्तमान विवेचक शिवबहादुर सिंह पर उन्होंने आरोप लगाया है कि वह आरोपी पक्ष से मिलीभगत कर रहे हैं और राजनीतिक दबाव में जांच को दबा रहे हैं 
पूर्ति गुप्ता ने अपने पत्र में कहा, "लगता है आरोपी पक्ष का राजनीतिक रसूख इतना मजबूत है कि पुलिस भी उनके इशारे पर चल रही है।"
पत्नी की चार मुख्य मांगें
1. विवेचक शिवबहादुर सिंह को तत्काल हटाकर किसी निष्पक्ष अधिकारी को जांच सौंपी जाए 2. कार संख्या UP27BH6996 को फौरन कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच कराई जाए 3. सभी प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जाएं 4. पूरे मामले की गंभीरता से निष्पक्ष जांच हो 
पुलिस प्रशासन में हलचल
सूत्रों के अनुसार, तहसील दिवस पर यह आवेदन आने के बाद स्थानीय पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई है। अभी तक थाना मोहम्मदी की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
मृतक अमरनाथ गुप्ता कस्बे के एक सामान्य परिवार से थे। पत्नी पूर्ति गुप्ता का कहना है कि वह पिछले तीन महीने से थाने के चक्कर लगा रही हैं।
अब सबकी निगाहें पुलिस अधीक्षक लखीमपुर खीरी के अगले कदम पर टिकी हैं कि क्या इस मामले में विवेचना बदली जाएगी और वाहन जब्ती जैसी बुनियादी कार्रवाई होगी या नहीं।

किसान की जमीन पर कब्जा कर रुपये हड़पने व गाली गलौज करने का आरोप

राजीव कुमार कुशवाहा,अक्रॉस टाइम्स 
बण्डा,शाहजहांपुर। बण्डा थाना क्षेत्र के ग्राम नटिउरा में एक किसान के साथ जमीन पट्टे पर देने के नाम पर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी पर रुपये हड़पने और मांगने पर गाली-गलौज व धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। ग्राम नटिउरा निवासी लियाकत अली ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने ग्राम अजोधापुर निवासी निर्मल सिंह से एक एकड़ जमीन 40 हजार रुपये में ठेके पर तय की थी। इसके लिए उन्होंने 25 हजार रुपये एडवांस भी दे दिए थे। पीड़ित का आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी आरोपी ने उन्हें खेत में गेहूं की फसल नहीं बोने दी और खुद ही उस जमीन पर गेहूं बो लिया। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया और अपने दिए हुए 25 हजार रुपये वापस मांगे, तो आरोपी निर्मल सिंह ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं और लाठी-डंडे दिखाकर वहां से भगा दिया। आरोपी ने पैसे देने से साफ मना कर दिया। परेशान होकर पीड़ित किसान ने  थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है और अपने पैसे वापस दिलवाने व आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

साधन सहकारी समिति ढका घनश्याम से गांव कुंडरा व चिकतिहा का नाम कटने से गुस्साए ग्रामीणों ने तहसील दिवस में दिया प्रार्थना पत्र

राजीव कुमार कुशवाहा 
अक्रॉस टाइम्स 
बंडा,शाहजहांपुर। ब्लॉक बंडा के अंतर्गत साधन सहकारी समिति ढका घनश्याम में जब से बनी हुई है तब से गांव कुंडरा व चिकितिहा  जुड़े हुए हैं । लेकिन इस बार नवदिया में नई समिति का गठन हुआ है इन दोनों गांव के  सचिव द्वारा नाम काट दिए गए हैं। वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने साधन सहकारी समिति से नाम काटने पर तहसील दिवस बनाया में प्रार्थना पत्र सौंपकर बताया है कि हमारे गांव से नवदिया की दूरी 6 किलोमीटर पड़ती है वहीं साधन सरकारी समिति ढका घनश्याम 500 मी पर बनी हुई है फिर भी सचिन की मिली भगत से दोनों गांव केनाम काट दिए गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने कहा कमजोर वर्ग के किसान इतनी दूर से खाद बीज कैसे ला सकेंगे ? इस संबंध में गुस्साए ग्रामीणों ने दोनों गांव के नाम कटने की सचिव से जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने किसी प्रकार की कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया है। वही ग्रामीणों ने ग्रामीणों ने डीएम साहब से निवेदन किया है दोनों गांव को पुनः जोड़ा जाए जिससे नजदीक समिति का लाभ मिल सके। ज्ञापन देने वालों में गुरदीप सिंह, जोगेंद्र सिंह, ओमकार सिंह, इंद्रपाल सिंह, प्रमोद सिंह, देवेंद्र सिंह हरिशरन सिंह, जसकरन सिंह नेत्रपाल सिंह, विष्णु पाल सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे।

महिला ने जेठानी व परिवार के अन्य लोगों पर मारपीट व फंदे पर लटकाने का लगाया आरोप

राजीव कुमार कुशवाहा 
अक्रॉस टाइम्स 
बंडा,शाहजहांपुर। बंडा थाना क्षेत्र के गांव नवादा ढाह की रहने वाली पुष्पा देवी पत्नी हरि शरण की जेठानी चंद्रकली पत्नी रामजीत से कहा सुनी हो गई थी । इसी बात को  लेकर परिवार की नंद रानी, कमलेश कुमारीऔर दीपांशु ने गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दी और मुझे मारने पीटने के बाद गर्दन में रस्सी का फंदा लगाकर टीन में लगे बांस पर लटका दिया । मेरे चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने रस्सी का फंदा काटकर नीचे उतार कर सीएचसी बंडा लाए और डॉक्टरों ने इलाज किया। इलाज के दौरान जब तबीयत सही हुई तो प्रार्थनी ने थाना बंडा में इसकी शिकायत की और उक्त लोगों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है । वही संबंध में थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार से बात हुई उन्होंने बताया मामले की जांच की जा रही जांच के बाद विधिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।