संवाददाता, अक्रॉस टाइम्स
शाहजहाँपुर। शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से राहत दिलाने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस ने बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। खिरनी बाग चौराहे से अन्टा चौराहा होते हुए बेरी तिराहा तक चले अभियान में सड़क तक फैला सामान हटवाया गया, अवैध ठेलों को हटाया गया तथा नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान कर नियमों का उल्लंघन करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई। यह अभियान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक नगर देवेन्द्र कुमार तथा क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा के पर्यवेक्षण में थाना सदर बाजार एवं कोतवाली क्षेत्र में चलाया गया। अभियान के दौरान अस्पतालों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाकर मार्ग को सुचारु बनाया गया। सड़क तक फैले सामान और यातायात में बाधा बन रहे अवरोधों को तत्काल हटवाया गया। यातायात पुलिस ने सड़क पर बेतरतीब और नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी। अभियान के चलते प्रमुख मार्गों पर यातायात सामान्य रहा और लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिली। प्रभारी निरीक्षक यातायात ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों का सामान निर्धारित सीमा के भीतर रखें। उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
No comments:
Post a Comment