Translate

Tuesday, July 7, 2026

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश

संवाददाता, अक्रॉस टाइम्स
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों के संबंध में अधिकारियों एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कावड़ यात्रा मार्ग के ढीले तारों को सही करें तथा खुले ट्रांसफार्मर की सुरक्षा व्यवस्था तथा विद्युत पोलो पर पॉलिथीन लगाई जाए।बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावण मास के दौरान शिवभक्त जनपद से होकर कांवड़ यात्रा करेंगे। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयावधि में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर लें। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा एवं जरियनपुर में कांवड़ यात्रा शिविर बनाए जाएं, जिनमें बैठने, लेटने, पब्लिक एड्रेस सिस्टम एवं भजन बजाने हेतु म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था होनी चाहिए। 
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर प्रस्तावित सभी कार्य 25 जुलाई तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्गों पर व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाकर कूड़े का तत्काल निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मार्गों एवं विश्राम स्थलों पर हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से तुलसी के पौधे लगाए जाएं तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि कांवड़ मार्ग पर प्रत्येक 7 से 8 किलोमीटर की दूरी पर शिवभक्तों की सुविधा के लिए ढाई घाट पर रैनबसेरा, शौचालय, स्नानघर (बाथरूम) एवं चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर आयुर्वेदिक एवं एलोपैथ दोनों पद्धतियों के चिकित्सा शिविर स्थापित किए जाएं तथा आवश्यक दवाओं एवं चिकित्सकीय सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती भी की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाए, जिससे आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर प्रसारित की जा सकें। साथ ही शिवभक्तों के लिए विभिन्न स्थानों पर भजन-कीर्तन एवं धार्मिक संगीत की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धामय वातावरण बना रहे। उन्होंने खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बल देते हुए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर संचालित सभी खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुकानों का नियमित निरीक्षण किया जाए। सभी दुकानदारों के लिए पहचान पत्र (आई-कार्ड) धारण करना तथा दुकान पर नाम का स्पष्ट प्रदर्शन अनिवार्य कराया जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर सड़क किनारे पेड़ों की आवश्यक कटाई-छंटाई कर मार्ग को सुरक्षित एवं बाधारहित बनाया जाए। इसके अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक शहरी देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

No comments: