Translate

Tuesday, July 7, 2026

जानलेवा हमले के मुकदमे का वांछित आरोपी रोजा पुलिस के हत्थे चढ़ा

संवाददाता, अक्रॉस टाइम्स
शाहजहाँपुर। थाना रोजा पुलिस ने जानलेवा हमले के एक मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को जमुका दोराहे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोजा के नेतृत्व में चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के दौरान पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमा संख्या 292/2026 का वांछित अभियुक्त जमुका दोराहे के पास मौजूद है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महेश पुत्र संतराम (50 वर्ष), निवासी ग्राम चौरा, थाना रोजा को मंगलवार दोपहर करीब 1:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ग्राम चौरा निवासी ओमपाल सिंह की तहरीर पर थाना रोजा में मुकदमा संख्या 292/2026 धारा 109(1), 115(2) एवं 352 बीएनएस के तहत अभिषेक व महेश के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्तों ने धारदार हथियारों से हमला कर वादी, उसके भाई नन्हेलाल तथा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मारपीट की थी, जिसमें नन्हेलाल और उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने लगातार दबिश देकर एक आरोपी महेश को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल प्रवेंद्र कुमार एवं रीडर आरक्षी हेमसागर शामिल रहे।

No comments: