Translate

Tuesday, July 7, 2026

12 जुलाई को होगा वृक्षारोपण महायज्ञ 2026-27, सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए

संवाददाता, अक्रॉस टाइम्स
शाहजहांपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2026-27 में वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी कियान्वयन के सम्बन्ध में बैठक कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले वृक्षारोपण महायज्ञ 2026-27 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि 12 जुलाई को प्रातः 7:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक जनपदभर में पौधों का वितरण एवं वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अभियान के अंतर्गत ऊर्जावन, समरस वन, अविरल धारा वन सहित विभिन्न थीम आधारित वनों का विकास किया जाएगा। किसी भी प्रकार की समस्या अथवा समन्वय संबंधी आवश्यकता होने पर संबंधित नोडल अधिकारी से तत्काल संपर्क कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जनपद की विभिन्न विकास खंडों एवं नगर निकायों में प्रस्तावित वृक्षारोपण की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। बंडा, पुवायां, सिंधौली, भावलखेड़ा, ददरौल, कांट, मदनापुर, जलालाबाद, मिर्जापुर, तिलहर, खुदागंज तथा निगोही क्षेत्र की ग्राम पंचायतों एवं अन्य चिन्हित स्थलों पर लगाए जाने वाले पौधों की संख्या, स्थान तथा तैयारियों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पौधरोपण स्थलों पर गड्ढों की खुदाई का कार्य समय से पूर्ण कर लिया जाए तथा पौधों के उठान से संबंधित समस्त कार्य तत्काल पूर्ण किए जाएं, ताकि अभियान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से की जाए, जिससे वृक्षारोपण अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं पौधों के संरक्षण की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके। इस अवसर पर में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, डीएफओ सचिन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार तथा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

मसीहा बने डॉ. केपी गुप्ता: जिस किशोर के पैर काटने की आशंका थी, उसे फिर से पैरों पर खड़ा किया

पुनीत कुमार दीक्षित,अक्रॉस टाइम्स
शाहजहांपुर। मानवता और सेवा भाव का एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करते हुए वरिष्ठ सर्जन एवं समाजसेवी डॉ. के.पी. गुप्ता ने एक ऐसे किशोर का निःशुल्क उपचार कर उसे नया जीवन देने का कार्य किया है, जिसके पैर को गंभीर संक्रमण के कारण बचा पाना मुश्किल माना जा रहा था। लगातार उपचार और विशेष देखभाल के बाद अब किशोर अपने पैरों पर चलने लगा है। गढ़िया रंगीन निवासी 15 वर्षीय राहुल, पुत्र स्वर्गीय कुंवर पाल, लगभग तीन माह पूर्व दीवार गिरने की घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसके दाएं पैर में गहरा घाव हो गया, जो समय पर समुचित उपचार न मिलने से संक्रमित हो गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार और माता-पिता के निधन के कारण परिजन इलाज के लिए दर-दर भटक रहे थे।परिजनों के अनुसार सहायता की गुहार पर अपर जिलाधिकारी अरविंद कुमार ने राहुल को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराने की व्यवस्था कराई थी। बाद में परिजन बच्चे को घर ले आए और बेहतर इलाज की तलाश में जुट गए। इसी दौरान मीडिया के माध्यम से राहुल की पीड़ा की जानकारी वरिष्ठ सर्जन डॉ. के.पी. गुप्ता तक पहुंची। उन्होंने बिना किसी देरी के बच्चे को अपने अर्नव सर्जिकेयर हॉस्पिटल में भर्ती कराया और 23 जून से उसका निःशुल्क उपचार शुरू कर दिया। नियमित ड्रेसिंग, संक्रमण नियंत्रण और विशेषज्ञ चिकित्सकीय देखभाल का परिणाम यह रहा कि राहुल के पैर की स्थिति में लगातार सुधार होने लगा। डॉ. के.पी. गुप्ता ने बताया कि घाव लगभग आधा भर चुका है और संक्रमण काफी हद तक नियंत्रित हो गया है। वर्तमान में राहुल सामान्य रूप से चल-फिर रहा है। उन्होंने बताया कि उपचार पूर्ण होने के बाद आवश्यकता पड़ने पर प्लास्टिक सर्जरी भी कराई जाएगी, जिससे बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हो सके। राहुल के परिजनों और ग्रामीणों ने डॉ. के.पी. गुप्ता की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल एक बच्चे का पैर बचाया, बल्कि उसके जीवन में नई उम्मीद भी जगाई है। वहीं डॉ. गुप्ता ने इस नेक कार्य का श्रेय पत्रकार अभिषेक चौहान को देते हुए कहा कि उनके माध्यम से ही उन्हें राहुल की स्थिति की जानकारी मिली और सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ। गरीबों के लिए आशा की किरण बने डॉ. केपी गुप्ता का यह कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है तथा लोग इसे मानवता और चिकित्सा सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बता रहे हैं।

दो दिन से लापता मजदूर का तालाब में मिला शव, पोस्टमार्टम को भेजा

पुनीत कुमार दीक्षित,अक्रॉस टाइम्स
शाहजहांपुर। जनपद के पुवायां थाना क्षेत्र के बरगदिया गांव में मंगलवार शाम एक तालाब में 36 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बरगदिया निवासी छेलन बाबू के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, छेलन बाबू अपनी पत्नी तबली और चार बच्चों के साथ रहते थे तथा मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिजनों ने बताया कि वह शराब पीने के आदी थे। दो दिन पहले वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए थे और वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने मंगलवार सुबह पुवायां थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस गुमशुदगी की जांच कर ही रही थी कि मंगलवार शाम करीब पांच बजे गांव के पास स्थित एक तालाब में ग्रामीणों ने शव उतराता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान छेलन बाबू के रूप में की। थाना प्रभारी आर.के. रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राम मंदिर में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस की सद्बुद्धि पदयात्रा

पुनीत कुमार दीक्षित,अक्रॉस टाइम्स
शाहजहांपुर। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार शाम आयोजित 'सद्बुद्धि पदयात्रा' के माध्यम से अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर यह पदयात्रा जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता 'मुन्ना' के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर बाबा विश्वनाथ मंदिर पर संपन्न हुई। मंदिर परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा भगवान श्रीराम की स्तुति करते हुए प्रार्थना की कि धार्मिक स्थलों की गरिमा बनी रहे और सभी संबंधित लोगों को सद्बुद्धि प्राप्त हो। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता 'मुन्ना' ने कहा कि अयोध्या का श्रीराम मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाना चाहिए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। युवा जिलाध्यक्ष राम जी अवस्थी ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता और श्रद्धालुओं का विश्वास सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ मंदिर में आयोजित सामूहिक प्रार्थना का उद्देश्य समाज में सद्भाव और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश देना है। पूर्व महानगर अध्यक्ष पवन सिंह ने कहा कि श्रीराम मंदिर देश की आस्था का केंद्र है, इसलिए उसके संचालन और व्यवस्थाओं में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पदयात्रा में पूनम पांडेय, बिंदेश्वरी राज, नूरे सहर बी, कृष्ण विनोद मिश्रा, अदीब अहमद, गौरव त्रिपाठी, फुरकान अहमद कुरैशी, रफी उल हसन, सईद अंसारी, सुशील प्रकाश शर्मा, फरमान खान, कमल किशोर मिश्रा, अरुणोद मिश्रा, आशीष तिवारी, राहुल मौर्य, कलीम खान, डॉ. फहद अली, सुधांशु मिश्रा, अतीत बागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कोतवाली पुलिस टीम द्वारा चोरी से सम्बन्धित एक अभियुक्त को किया गया गिरफ्तार

राजीव कुमार कुशवाहा ,अक्रॉस टाइम्स 
कोतवाली,शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक  के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर  के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण व प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली के कुशल नेतृत्व में चलाये जा रहे रोकथाम अपराध व गिरफ्तारी अपराधी के सघन अभियान के क्रम में थाना कोतवाली पुलिस टीम को बडी सफलता प्राप्त हुई । दिनांक 26.06.2026 को वादिनी द्वारा थाना कोतवाली पर दी गयी तहरीर बावत 1. समीर पुत्र शहजाद 2. मायशा पुत्री शहजाद 3. शहजाद पुत्र नन्हे सर्व निवासीगण मो0 बिजलीपुरा थाना कोतवाली जनपद शाहजहाँपुर जो वादिनी के घर में किराये पर रहे थे, द्वारा वादिनी की अनुपस्थिति मे घर मे रखे लॉकर से 08 हजार रुपये व जेवर चोरी कर लेने के संबंध में दी गयी । प्राप्त तहरीर के आधार पर मु0अ0सं0 - 208/2026 धारा 305(a) BNS पंजीकृत किया गया । अभियोग की विवेचना के क्रम में आज दिनांक 07.07.2026 को थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर अभियोग में नामित अभियुक्त समीर उपरोक्त को एक पीली धातु के टुकड़े साथ समय 14.24 बजे कान्हा गौशाला के पास, हाइवे पर गिरफ्तार किया गया । बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2) बी.एन.एस. की वृद्धि करते हुए अभियुक्त के विरूद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही कर मा0 न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा ।पूछताछ में अभियुक्त समीर उपरोक्त द्वारा पूछने पर बताया कि मैंने व मेरी बहन मायशा ने मिलकर हमारी मकान मालकिन के घर की अलमारी में बने लॉकर से असली सोने के जेवर चुराकर उसके बदले नकली जेवर रखे थे । उन्हीं चुराए हुए सोने के जेवर में से कुछ को पिघलाकर ये टुकड़ा मिला है, जिसे मैं बेचने बाराबंकी जा रहा था । शेष चोरी के जेवर के बारे में मेरी बहन मायशा को जानकारी है।

SP खीरी के निर्देशन में जनपद के सभी थानों पर हुई जनसुनवाई

हारून एम एच रज़ा वाहिदी अक्रॉस टाइम्स
लखीमपुर खीरी। पुलिस अधीक्षक खीरी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देशन में आज जनपद के समस्त थानों पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान जनपद के विभिन्न थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थानों पर जनता की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया। इस दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, जमीनी कब्जा सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस अधीक्षक महोदया द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि जनसुनवाई में प्राप्त समस्त शिकायतों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाया जाए। एसपी खीरी ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और हर पीड़ित की समस्या का मौके पर ही समाधान करना है। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर थाना मोहम्मदी, गोला, धौरहरा, मितौली, सदर सहित सभी सर्किल के थानों पर बड़ी संख्या में फरियादी मौजूद रहे।

जैतीपुर पुलिस टीम द्वारा थाना स्थानीय पर पंजीकृत अभियोग में वांछित 02 अभियुक्तगण को किया गिरफ्तार

राजीव कुमार कुशवाहा 
अक्रॉस टाइम्स                   
जैतीपुर/शाहजहांपुर। पुलिस अधीक्षक महोदय, जनपद शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, महोदया के निर्देशन में व क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष जैतीपुर के कुशल नेतृत्व में चलाये जा रहे अपराध रोकथाम व गिरफ्तारी वाँछित अभियुक्त के क्रम में थाना जैतीपुर पुलिस टीम को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई ।14.05.2026 को वादी मुकदमा श्री दीपक सिंह पुत्र उदय प्रताप सिंह नि0 कस्बा एवं थाना जैतीपुर, जनपद शाहजहाँपुर द्वारा थाना जैतीपुर पर एक तहरीर दी गई, जिसमें ईको वाहन संख्या UP 27 BT 6099 के चालक अर्जुन सिंह कार्की पुत्र गोविंद सिंह कार्की निवासी ग्राम लालपुर उर्फ बड़ा गाँव, थाना जैतीपुर द्वारा वादी को जान से मारने की नीयत से उसकी ऑल्टो कार संख्या UP 27 BF 9948 में टक्कर मारने तथा अभियुक्तगण 1. अभिषेक प्रताप पुत्र सूरजपाल नि0 ग्राम नवादा थाना जैतीपुर, 2. अंकित उर्फ भुन्ना उर्फ भुवनेश पुत्र राममोहन नि0 कस्बा एवं थाना जैतीपुर, 3. अमित कुमार पुत्र द्वारिका प्रसाद नि0 ग्राम करकौर थाना जैतीपुर, 4. दुर्वेश पुत्र प्रेमपाल एवं 5. वीकेश पुत्र मंगूलाल नि0ग0 ग्राम मकरन्दपुर थाना जैतीपुर, जनपद शाहजहाँपुर द्वारा लाठी-डण्डों एवं लोहे की रॉड से जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया गया। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना जैतीपुर पर मु0अ0सं0 052/2026 धारा 281, 125, 191(2), 191(3), 109(1) बीएनएस पंजीकृत किया गया। विवेचना उपनिरीक्षक श्री रोहिताश कुमार द्वारा प्रारम्भ की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की वृद्धि की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम का गठन किया गया। इसी क्रम में दिनांक 07.07.2026 को थाना जैतीपुर पुलिस टीम को गश्त के दौरान मुखबिर खास से सूचना प्राप्त हुई कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त अभिषेक प्रताप सिंह पुत्र सूरजपाल सिंह एवं अंकित उर्फ भुन्ना उर्फ भुवनेश पुत्र राममोहन लालपुर उर्फ बड़ा गाँव-मीरपुर तिराहे पर खड़े हैं तथा कहीं बाहर जाने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस टीम को देखकर दोनों अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें आवश्यक बल प्रयोग कर लालपुर उर्फ बड़ा गाँव-मीरपुर के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्तियों ने अपना नाम 1. अभिषेक प्रताप सिंह पुत्र सूरजपाल सिंह, उम्र 31 वर्ष, नि0 ग्राम नवादा थाना जैतीपुर, तथा 2. अंकित उर्फ भुन्ना उर्फ भुवनेश पुत्र राममोहन, उम्र 24 वर्ष, नि0 कस्बा एवं थाना जैतीपुर, शाहजहाँपुर बताया। दोनों अभियुक्त उपरोक्त मुकदमे में वांछित थे। अभियुक्तगण को उनके जुर्म एवं धाराओं से अवगत कराते हुए दिनांक 07.07.2026 को समय लगभग 10:55 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया । आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण कर अभियुक्तगण को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उ0नि0  रोहिताश कुमार,उ0नि0 सूरज पाल पचौरी व का0 राहुल यादव मौजूद रहे।

Monday, June 8, 2026

ज्योति कलश रथयात्रा पहुंची ग्राम महोलिया मुंडी 5 कुण्डीय गायत्री यज्ञ के साथ भव्य स्वागत

संवाददाता, अक्रॉस टाइम्स
शाहजहांपुर। युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्ज्वलित अखंड ज्योति का प्रकाश जन-जन तक पहुंचाते हुए ज्योति कलश रथयात्रा रविवार को ग्राम महोलिया मुंडी पहुंची। यज्ञ स्थल देव स्थान पूर्वी माई पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और जयघोष के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक चेतना का वातावरण देखने को मिला। यज्ञ जिला समन्वयक सूरज वर्मा, अभय सिंह, मंजू गीता शिवानी ने सम्पन्न कराया। शांतिकुंज संगीत टोली के  अभय सिंह ने प्रज्ञा गीतों से सभी को भाव विभोर कर दिया। सर्वप्रथम  रथ सारथी राकेश जी ने सपत्नीक ज्योति कलश का पूजन किया। मंत्रोच्चार से गायत्री यज्ञ शुरू हुआ। जिला समन्वयक सूरज वर्मा ने कहा कि ज्योति कलश रथयात्रा आने से ग्राम महोलिया मुंडी का आज भाग्य उदय हो गया ।युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने गायत्री यज्ञ को जन-जन तक पहुँचाने और इसे लोक कल्याण का माध्यम बनाने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। उन्होंने सदियों से चली आ रही रूढ़ियों को तोड़कर समाज के हर वर्ग को गायत्री साधना और यज्ञ का अधिकार दिलाया।
यज्ञ में आहुति दी जाने वाली जड़ी-बूटियों और समिधा (लकड़ी) से वायुमंडल शुद्ध होता है और प्रदूषण कम होता है। गायत्री मंत्र के उच्चारण और यज्ञ की ऊर्जा से तनाव दूर होता है और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार आता है।
यज्ञ के धुएं और मंत्रों के कंपन से कई तरह की बीमारियों और कीटाणुओं का नाश होता है। यज्ञ की पूर्णहुति में सभी ने गुरुदेव के विचार क्रांति अभियान से जुड़ने का संकल्प लिया।
यज्ञ के उपरांत सभी परिजनों ने ज्योति कलश रथयात्रा के आगे नतमस्तक होकर जयघोष पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। यज्ञ में जिला केंद्र गायत्री शक्तिपीठ गौहरपुरा शाहजहांपुर से युवा प्रकोष्ठ, महिला मंडल के साथ , गायत्री शक्तिपीठ चिनौर महिला मंडल टीम एवं पीलीभीत जिला समन्वयक लालाराम जी अपनी टीम के साथ ,बरेली गायत्री परिवार कार्यकर्ता एवं गायत्री परिवार शाहजहांपुर जिला सह समन्वयक सुरेश चंद्र श्रीवास्तव टीम के साथ रथ सारथी राकेश जी सपत्नीक एवं उनके परिवार के सभी सदस्यों के साथ सभी महोलिया मुंडी  ग्राम वासी भारी संख्या में उपस्थित रहे। यज्ञ स्थल पर श्रद्धालुओं को पूज्य गुरुदेव का सद्साहित्य, अखंड ज्योति पत्रिका एवं युग निर्माण योजना साहित्य वितरित किया गया। सभी ने विचार क्रांति अभियान से जुड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रथ सारथी राकेश जी ने यज्ञ में आए सभी ग्रामवासियों एवं सभी वरिष्ठ परिजनों का आभार व्यक्त किया।  सायंकाल ग्राम  महोलिया मुंडी शिव मंदिर पर  भव्य दीपयज्ञ का आयोजन किया गया। दीपयज्ञ में राकेश जी ने सपत्नीक परिवार सहित पूजन कर दीप प्रज्ज्वलित किया तथा विश्व शांति, परिवार की सुख-समृद्धि और समाज में सद्भावना की कामना की।  दीपयज्ञ को  जिला समन्वयक सूरज वर्मा,सविता ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया। दीपयज्ञ के दौरान सूरज वर्मा ने कहा कि अखंड दीपक घर-घर जाकर अज्ञान रूपी अंधकार को समाप्त कर ज्ञान रूपी दीप जला रहा है। यह अखंड दीपक समाज में जागृति, सद्बुद्धि और सकारात्मक सोच का संदेश देते हुए युग परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि आज समाज को भौतिक विकास के साथ-साथ मानसिक और आध्यात्मिक जागरण की आवश्यकता है। ज्योति कलश रथयात्रा उसी उद्देश्य को लेकर जन-जन तक पहुंच रही है और लोगों को संस्कार, आत्मचिंतन और सद्विचारों से जोड़ रही है। गायत्री परिवार के जिला मीडिया प्रभारी रंजीत वर्मा ने बताया कि ज्योति कलश रथयात्रा आगामी दिन प्रातः नगर क्षेत्र कुछ स्थानों पर एवं सायं ग्राम पिपरिया  पहुंचेगी जहां जगह जगह स्वागत के साथ गावँ में  दीपयज्ञ के साथ  जनजागरण, विचार क्रांति और युग निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगी। यात्रा के प्रभाव से बड़ी संख्या में लोग आत्मसुधार, नशामुक्ति और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प ले रहे हैं, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना जागृत हो रही है।

Sunday, June 7, 2026

युवती की हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास, पिता समेत चार गिरफ्तार

पुनीत कुमार दीक्षित
हरदोई। थाना संडीला क्षेत्र के ग्राम समदखेड़ा में एक युवती की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मृतका का पिता, दो चाचा और एक चाची शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ग्राम समदखेड़ा निवासी मिथिलेशा पत्नी रामदयाल ने थाना संडीला में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री शुभी 3/4 जून की रात घर से बिना बताए कहीं चली गई थी और कुछ घंटे बाद वापस लौट आई थी। इसी बात से नाराज होकर उसके पिता रामदयाल, चाचा मुनेश, सुरेश तथा चाची माधुरी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि हत्या के बाद घटना को छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपियों ने युवती के शरीर पर कपड़ा सिलने वाली सुई से सांप के काटने जैसे निशान बनाए तथा गले पर फंदे के निशान बनाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, पुलिस को सूचना दिए बिना शव का गांव के एक बाग में अंतिम संस्कार कर साक्ष्य नष्ट करने की कोशिश की गई। मामले की जानकारी मिलने पर थाना संडीला पुलिस ने मुकदमा संख्या 212/2026 धारा 103, 351, 238 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू की। फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए गए तथा सघन विवेचना के बाद नामजद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में रामदयाल, मुनेश, सुरेश पुत्रगण स्वर्गीय भईयालाल तथा माधुरी पत्नी मुनेश, सभी निवासी ग्राम समदखेड़ा, थाना संडीला, जनपद हरदोई शामिल हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक विरेन्द्र पंकज के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक युवती की कथित रूप से पारिवारिक नाराजगी के चलते हत्या और फिर साक्ष्य मिटाने के प्रयास ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस अधीक्षक ने भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

पुनीत कुमार दीक्षित
हरदोई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, पारदर्शी, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हरदोई ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस अधिकारियों से परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें। जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से उत्तर प्रदेश Police भर्ती परीक्षा-2026 को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।