Translate

Sunday, June 7, 2026

पुलिस अधीक्षक ने भर्ती परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

पुनीत कुमार दीक्षित
हरदोई। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 को सकुशल, पारदर्शी, नकलविहीन, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक हरदोई ने रविवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सतर्कता का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं पुलिस अधिकारियों से परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी समन्वय बनाकर कार्य करें। जनपद में परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने विश्वास व्यक्त किया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग से उत्तर प्रदेश Police भर्ती परीक्षा-2026 को पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

No comments: