संवाददाता, अक्रॉस टाइम्स
शाहजहाँपुर। आगामी 23 अक्टूबर को होने वाले उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। इस दौरान निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, प्रभावी गश्त करने तथा असामाजिक तत्वों पर सतर्क दृष्टि बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन, संयम और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा। निर्वाचन की व्यवस्थाओं के लिए जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी भी नामित किए गए हैं। ब्रीफिंग में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (नोडल अधिकारी निर्वाचन), अपर पुलिस अधीक्षक नगर, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment