एसपी सौरभ दीक्षित सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर किया नमन
संवाददाता,अक्रॉस टाइम्स
शाहजहाँपुर। पुलिस स्मृति दिवस-2026 के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन शाहजहाँपुर में पुलिस स्मृति परेड एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में एसपी सौरभ दीक्षित ने परेड की सलामी ग्रहण की तथा शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन किया। शहीदों के सम्मान में सलामी एवं शोक प्रदर्शन के साथ लास्ट पोस्ट का वादन भी किया गया।इस अवसर पर शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को याद करते हुए उनके बलिदान को देश की आंतरिक सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा के लिए अतुलनीय बताया गया। पुलिसकर्मियों ने शहीदों के आदर्शों पर चलने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनसामान्य की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।